CG: चन्द्रखुरी कौशल्या माता धाम में 51 फीट की वनवासी प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा होगी स्थापित

चन्द्रखुरी (छत्तीसगढ़):
छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राजधानी रायपुर के समीप चन्द्रखुरी स्थित कौशल्या माता धाम में प्रभु श्रीराम की 51 फीट ऊंची वनवासी स्वरूप वाली भव्य प्रतिमा की स्थापना होने जा रही है। इस ऐतिहासिक प्रतिमा को ग्वालियर से लाने के लिए एक विशेष टीम रवाना हो चुकी है। शुभ मुहूर्त में प्रतिमा की स्थापना की जाएगी।

यह परियोजना राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की पहल पर साकार हो रही है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण होने पर विभागीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कौशल्या माता धाम में प्रभु श्रीराम की यह विशाल प्रतिमा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को और अधिक समृद्ध करेगी तथा धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगी।

वनवासी स्वरूप में तैयार की गई विशेष प्रतिमा

नई प्रतिमा प्रभु श्रीराम के वनवासी रूप को दर्शाती है और वर्तमान में स्थापित मूर्ति का स्थान लेगी। इसका निर्माण ग्वालियर के सेंड स्टोन आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मूर्तिकार श्री दीपक विश्वकर्मा के नेतृत्व में किया गया है।
प्रतिमा की सबसे बड़ी विशेषता इसमें उकेरे गए 108 मनकों वाले रुद्राक्ष हैं, जो इसे कलात्मक और आध्यात्मिक दोनों ही दृष्टि से विशिष्ट बनाते हैं।

सरकार का त्वरित और सकारात्मक निर्णय

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के संचालक श्री विवेक आचार्य ने बताया कि पूर्व में टीसीआईएल संस्था द्वारा स्थापित प्रतिमा अपेक्षित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतर रही थी। इसके बाद सरकार ने तुरंत रिप्लेसमेंट का निर्णय लेते हुए देश के प्रसिद्ध मूर्तिकार को यह जिम्मेदारी सौंपी। यह कदम माता कौशल्या धाम की गरिमा बढ़ाने और धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

प्रतिमा की स्थापना के बाद कौशल्या माता धाम के राष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभरने की उम्मीद है। देशभर से लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचेंगे, जिससे न केवल आस्था को बल मिलेगा बल्कि स्थानीय पर्यटन और संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह पहल छत्तीसगढ़ सरकार की धार्मिक स्थलों के संरक्षण, विकास और संवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।

Leave a Comment